धड़धड़ाते मानस विहार लमती पहुंची ननि अफसरों की फ़ौज

तत्काल एक्शन और आश्वासन के बाद कांग्रेस ने धरना किया स्थगित

0 7

नगर निगम सीमा में शामिल नए वार्ड 72-73 के अंतर्गत मानस विहार इलाके में कांग्रेस का अनिश्चितकालीन धरना 24 घंटे में रंग लाया। क्षेत्रीय जनता के आक्रोश के सामने नगर निगम के अधिकारियों को हर गली का मुआयना करने मजबूर होना पड़ा। नतीजतन नगर निगम कमिश्नर प्रीति यादव के निर्देश पर मौके पर स्वास्थ विभाग के अधिकारी संदीप जायसवाल, जोन क्रमांक 15 के संभागीय अधिकारी संतोष अग्रवाल, सीएसआई धर्मेन्द्र राज, सब इंजीनियर शिवा समेत दर्जन भर कर्मचारियों की टीम पहुंची।

नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरभ शर्मा और उनकी टीम ने जनता की मांगों को अधिकारियों के सामने रखा। अध्यक्ष सौरभ शर्मा कहना था कि मानस विहार की 12 गलियों में जिन मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, फौरी तौर पर उन्हें दुरुस्त किया जाए। जलभराव वाले खाली प्लाट मालिकों पर वैधानिक कार्रवाई की जाए। जल निकासी का तात्कालिक प्रबंध कराने के साथ कॉलोनी को जल्द वैध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाए।

मौजूदा स्थति और गुस्से से तमतमाएं क्षेत्रीय नागरिकों ने बीते एक दशक से जारी उपेक्षा का बखान किया। निगम अधिकारी संदीप जायसवाल ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को मौके पर निर्देश दिए कि जलभराव और गंदगी का अड्डा बने प्लाट चिन्हित किए जाए। उन मालिकों को शार्ट टाइम दो तीन दिन का नोटिस जारी प्लाट व्यवस्थित करवाए जाए। ऐसा न होने की दशा में जुर्माना फिर अधिग्रहण की वैधानिक कार्रवाई होगी। मानस विहार के जो मार्ग उबड़ खाबड़ है, वहां तात्कालिक व्यवस्था के तौर पर हार्ड मुरम डलवाने का कार्य 24 घंटे के भीतर शुरू होगा। सीएसआई धर्मेन्द्र राज भी क्षेत्र में तूफानी ढंग से व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुट गए हैं।

इस दौरान कांग्रेस पार्षद अयोध्या प्रसाद तिवारी, गुड्डा चौबे, संतोष पंडा, आशुतोष ठाकुर भी मौजूद थे। पार्षद दल के सदस्यों ने अपने मद से मानस विहार की गली नंबर 4 को बनवाने की घोषणा भी की। जिससे क्षेत्रवासियों के चहरे खिल उठे। अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कहा कि जन सरोकार के मामलों में कांग्रेस दलगत राजनीति से ऊपर उठाकर जनता के साथ हमेशा रहेगी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है और यदि निर्धारित अवधि में बताए गए कार्य पूरे नहीं हुए तो इसके बाद निगम मुख्यालय में जंगी प्रदर्शन किया जाएगा। मानस विहार की तरह निगम के अन्य नए वार्डों की बदहाली दूर करने कांग्रेस का संघर्ष इसी तरह जारी रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.