आज पूजे जाएंगे गौरा-पार्वती कल विराजेंगे श्री गणेश

हरतालिका तीज पर हर घर में उत्साह, होगा रात्रि जागरण।

0 6

 

 

जबलपुर,महिलाओं के लिए खासा महत्व रखने वाला त्यौहार तीजा यानी हरतालिका की आज घर-घर में चर्चा है। आधी रात से महिलाओं ने व्रत शुरू कर दिया है जो कल सुबह तक चलेगा। लगभग 30 घंटे का ये निर्जल व्रत होता है। आज गौरा-पार्वती की पूजा के बाद कल घर घर में भगवान गजानन विराज जाएंगे। हरतालिका का पर्व तीज भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है। पंचांग के अनुसार, हरतालिका तीज भाद्रपद शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाई जाती है।
सुबह से सज रहे फुलहरे
हरतालिका तीज को लेकर घरों में सुबह से फलहरे सज रहे हैं। उत्साहित महिलाएं तैयारियों में व्यस्त है। पर्व को लेकर बनने वाले व्यंजनों की महक हर घरों से आ रही है। तीजा पर चूंकि गुझिया बनती है, इस कारण खोवा भी महंगा हो गया है। पूजा का मुहूर्त शाम 6.36 से देर रात तक है। तीज के दिन अभिजीत मुहूर्त 11:54 बजे से दोपहर 12:44 मिनट तक है। त्यौहार में रात भर जागरण होगा। महिलाए भजन-कीर्तन कर रात गुजारेंगी।
जगह-जगह भंडारे
तीजा पर्व पर जगह-जगह भंडारे के आयोजन किए गए हैं। तमरहाई स्थित कुंभकेश्वर मंदिर में सात-सात टन की पोहा-जलेबी बनाने का काम आज सुबह से शुरू हो गया। ये पकवान रात भर बनेगा। और, कल सुबह सभी को वितरित किया जाएगा। वहीं मध्यप्रदेश प्रगतिशील ब्राह्मण महासभा और जय रेवाखंड संगठन द्वारा श्री हरितालिका व्रत व श्रीगणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य पर विराट देवी जागरण आज रात 9 बजे से आयोजित किया गया है। हितकारणी स्कूल के पास शतक्रतु आश्रम गोपालबाग दमोहनाका में आयोजित कार्यक्रम अंतर्गत कल सुबह चार बजे से कढ़ी-चावल और जलेबी का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.